बाबा विश्वनाथ की नगरी से चिराग पासवान का संदेश, उत्तर प्रदेश को किस दिशा में लेकर जाना है, आज फैसला लेने का समय

Share

—वाराणसी में ‘नव संकल्प’ कार्यक्रम को किया संबोधित, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना

वाराणसी, 05 नवंबर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के लोगों को यह फैसला लेना है कि वे राज्य को किस दिशा में लेकर जाना चाहते हैं। वह गुरुवार को वाराणसी के जगतपुर स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित ‘नव संकल्प’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी संघर्ष कर रहे लोग

चिराग पासवान ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में वह कुछ सपने और कुछ वादे लेकर आए हैं। उन्होंने अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन अगली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद आज भी लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। छोटी-छोटी सुविधाएं भी कई लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को कभी जाति तो कभी धर्म के आधार पर भेदभाव का सामना करना पड़ा है।

उत्तर प्रदेश के युवाओं के पलायन का उठाया मुद्दा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा आज देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर अपना जीवन गुजार रहा है। उन्होंने युवाओं के भविष्य और राज्य में उपलब्ध अवसरों को लेकर चिंता जताई।

कांग्रेस और सपा पर सामाजिक न्याय को लेकर सवाल

चिराग पासवान ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल लोगों को सामाजिक न्याय देने की बात करते हैं, लेकिन उनके दावों पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में कांग्रेस की सरकार थी और देश संविधान से चलता है, जिसके निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में संसद भवन में डॉ. आंबेडकर की तस्वीर तक नहीं लगाई गई।

पार्टी पदाधिकारियों ने किया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विभिन्न पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30