बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी के नेताओं पर हमले जारी, गोपालगंज में बीजीबी की 55 प्लाटून तैनात

Share

अवामी लीग के नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों के घरों को बनाया जा रहा निशाना, खुलना में दो नेता घायल; ढाका में व्यवसायी के घर पर हमला, लूटपाट और गोलीबारी

ढाका, 22 नवंबर। बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और हिंसक घटनाओं के बीच अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पार्टी पर सरकार ने प्रतिबंध लगा रखा है। दिसंबर में शेख हसीना की वापसी की घोषणा और सरकार के रुख के विरोध में अवामी लीग के प्रदर्शन के बाद कई जिलों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। शनिवार को खुलना में पार्टी के दो नेताओं पर हमला हुआ, जबकि ढाका में अवामी लीग के एक पूर्व नेता के घर पर हमला कर लूटपाट और गोलीबारी की गई। इस बीच, शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहां बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 26 अतिरिक्त प्लाटून तैनात की गई हैं। इसके साथ ही जिले में बीजीबी की कुल तैनाती बढ़कर 55 प्लाटून हो गई है।

गोपालगंज में सुरक्षा बढ़ी, बीजीबी की 26 अतिरिक्त प्लाटून तैनात

बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश मुख्यालय की ओर से शनिवार दोपहर जारी विज्ञप्ति के अनुसार, गोपालगंज जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पहले से जिले में बीजीबी की 29 प्लाटून तैनात थीं। अब 26 और प्लाटून भेजे जाने के बाद कुल संख्या 55 हो गई है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि अतिरिक्त जवान स्थानीय प्रशासन और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम करेंगे। उनका उद्देश्य जन सुरक्षा सुनिश्चित करना और जिले में सामान्य स्थिति बनाए रखना है। शेख हसीना का गृह जिला होने के कारण गोपालगंज की राजनीतिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

खुलना में अवामी लीग के दो नेताओं पर हमला

प्रोथोम आलो, ढाका ट्रिब्यून और द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को खुलना जिले में अवामी लीग से जुड़े दो नेताओं पर अलग-अलग स्थानों पर हमला किया गया। दोपहर में रूपशा उपजिला के सेनेर बाजार में और शाम को खान जहान अली थाना क्षेत्र के फुलबारी गेट के पास हमले की घटनाएं हुईं।

इन घटनाओं में मो. मुनिरुज्जमान और मुक्तिजोद्धा प्रोजोनमो लीग के सदस्य 50 वर्षीय लैसुज्जमान घायल हो गए। बताया गया है कि लैसुज्जमान की हालत गंभीर है। मुनिरुज्जमान आइचगाटी यूनियन के अंतर्गत देओरा में अवामी लीग की वार्ड संख्या पांच इकाई के महासचिव हैं। वह खुलना जिला कृषक लीग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर अशरफुज्जमान बाबुल के छोटे भाई भी हैं।

पुलिस ने लैसुज्जमान की पिटाई के आरोप में मिराज नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

ढाका में पूर्व अवामी लीग नेता के घर पर हमला, दो लोगों को गोली मारी

राजधानी ढाका के केरानीगंज इलाके के तेघोरिया में शनिवार तड़के व्यवसायी और अवामी लीग के पूर्व नेता नूर आलम के घर पर हमला किया गया। हमलावरों ने घर में घुसकर कीमती सामान लूट लिया और एक वाहन में आग लगा दी। इस दौरान परिवार के दो सदस्यों को गोली मार दी गई।

गोली लगने से नूर आलम के 17 वर्षीय बेटे रिपाई महमूद लियोन और उनके 70 वर्षीय ससुर हाजी आलम घायल हो गए। पुलिस ने हाजी आलम के अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है। उनका इलाज सर सलीमुल्लाह मेडिकल कॉलेज और मिटफोर्ड अस्पताल में चल रहा है।

पटुआखाली में पूर्व सांसदों और नेताओं के घरों पर तोड़फोड़

इससे पहले पटुआखाली जिले में अवामी लीग के तीन पूर्व सांसदों और एक पूर्व मेयर के घरों पर हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं। हमलावरों ने कलापारा नगर के कमारपट्टी इलाके में अवामी लीग के दिवंगत पूर्व सांसद अनवर-उल इस्लाम के घर को निशाना बनाया।

अनाथालय इलाके में कलापारा नगर पालिका के पूर्व मेयर और अवामी लीग की उपजिला समिति के उपाध्यक्ष एसएम रकीबुल अहसान के घर पर ईंट के टुकड़े और पत्थर फेंके गए। वहीं, कलापारा में पूर्व राज्यमंत्री मोहिब्बुर रहमान के आवास में भी तोड़फोड़ की गई। वह अवामी लीग की जिला समिति के पूर्व उपाध्यक्ष हैं।

कलापारा थाना प्रभारी मो. नजरुल इस्लाम ने बताया कि उन्हें इन घटनाओं के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।

पूर्व सांसद लुत्फुन नेसा के घर के मुख्य गेट पर भी हमला

पटुआखाली शहर के पुरान बाजार इलाके में 19 नवंबर की रात करीब 10 बजे पूर्व सांसद लुत्फुन नेसा के घर के मुख्य गेट पर हमला कर तोड़फोड़ की गई थी। लुत्फुन नेसा वर्ष 2014 से 2018 तक दसवीं संसद में महिलाओं के लिए आरक्षित सीट से सांसद रही थीं। वह अवामी लीग की पटुआखाली जिला समिति के उपाध्यक्ष सुल्तान अहमद की पत्नी हैं।

पटुआखाली सदर थाना प्रभारी मो. मुनिरुज्जमान के अनुसार, हमले की सूचना मिलने पर पुलिस को पूर्व सांसद के आवास पर भेजा गया था। हालांकि, उस समय किसी ने भी औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई, जिसके बाद पुलिस लौट गई।

ब्राह्मणबरिया में प्रतिबंधित छात्र लीग के नेताओं के घरों को बनाया निशाना

शुक्रवार रात ब्राह्मणबरिया नगरपालिका क्षेत्र के बागानबारी इलाके में प्रतिबंधित छात्र लीग के जिला इकाई के संयुक्त सचिव मिकाइल हुसैन और नगरपालिका इकाई के अध्यक्ष सामी अहमद के घरों पर भी हमला किया गया।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अवामी लीग से जुड़े नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों और उनके परिवारों को निशाना बनाए जाने की खबरों के बीच कई जिलों में सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। गोपालगंज में बीजीबी की अतिरिक्त तैनाती इसी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30