पटना, 09 जुलाई । बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी ने गुरुवार को समाहरणालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।
कार्यकर्ताओं और जनता का जताया आभार
नामांकन के बाद अभिषेक कुमार सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के अपार समर्थन और सहयोग से वे क्षेत्र के मान-सम्मान को अक्षुण्ण रखते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा करेंगे।
नामांकन से पहले लिया माता-पिता का आशीर्वाद
नामांकन दाखिल करने से पूर्व अभिषेक कुमार ने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने कृष्णानगर (मंदिरी) स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर और सिद्धिदात्री ज्वाला मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
एनडीए नेताओं की मौजूदगी
इस मौके पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद और लोजपा (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उपचुनाव में बढ़ी सियासी सरगर्मी
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। विभिन्न दलों के उम्मीदवारों के मैदान में उतरने के साथ ही चुनावी मुकाबला रोचक होता जा रहा है।






