फॉर्म-7 के जरिए 41 हजार मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश का आरोप, इरफान अंसारी ने निर्वाचन आयोग से जांच की मांग की

Share

जामताड़ा, 15 सितंबर । झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मतदाता सूची से नाम हटाने के कथित प्रयास को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 के माध्यम से करीब 41 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश की जा रही है। अंसारी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन से फॉर्म-7 के सभी आवेदनों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की।

फॉर्म-7 के आवेदनों की जांच की मांग

मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम उचित प्रक्रिया और सत्यापन के बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि नाम हटाने के लिए बड़ी संख्या में फॉर्म-7 जमा किए गए हैं और जांच के दौरान कई आवेदन निर्धारित प्रारूप के अनुरूप नहीं पाए गए हैं।

वास्तविक मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप

इरफान अंसारी ने आरोप लगाया कि वास्तविक मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज कराकर मतदाता सूची को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फॉर्म-7 के जरिए प्राप्त प्रत्येक आवेदन की गहन जांच जरूरी है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से नहीं हटाया जा सके।

आदिवासी और अल्पसंख्यक मतदाताओं को निशाना बनाने का आरोप

स्वास्थ्य मंत्री ने आरोप लगाया कि आदिवासी, अल्पसंख्यक और भाजपा विरोधी मतदाताओं को कथित तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें किसी भी तरह की मनमानी से लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

गड़बड़ी मिली तो कानूनी कार्रवाई करेगी कांग्रेस

अंसारी ने कहा कि जांच के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो कांग्रेस संबंधित अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।

मतदाताओं से नाम जांचने की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने जामताड़ा के लोगों से अपील की कि वे इस मामले को लेकर घबराएं नहीं। उन्होंने पात्र मतदाताओं से मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने को कहा। साथ ही किसी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का दावा

इरफान अंसारी ने कहा कि मतदाता सूची में किसी वास्तविक मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया जाना गंभीर विषय है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस प्रत्येक वास्तविक मतदाता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031