पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों से मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, मुनाफा वसूली के बावजूद उछले सेंसेक्स और निफ्टी

Share

– बाजार की मजबूती के बावजूद निवेशकों को लगी 6 हजार करोड़ रुपये की चपत

नई दिल्ली, 21 सितंबर । ग्लोबल बॉन्ड यील्ड में नरमी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच घरेलू शेयर बाजार सोमवार को मजबूती के साथ बंद हुआ। हालांकि बाजार की शुरुआत मिली-जुली रही। सेंसेक्स बढ़त के साथ हरे निशान में खुला, जबकि निफ्टी ने कमजोरी के साथ लाल निशान में कारोबार की शुरुआत की।

शुरुआती कारोबार में करीब एक घंटे तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बढ़ाया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने मजबूती हासिल की। हालांकि कारोबार के अंतिम घंटे में मुनाफा वसूली के कारण दोनों सूचकांक अपने ऊपरी स्तर से फिसले। इसके बावजूद सेंसेक्स 0.76 प्रतिशत और निफ्टी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स 74,858.99 अंक पर बंद

बीएसई का सेंसेक्स 240.22 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,535.18 अंक पर खुला। शुरुआती आधे घंटे में खरीदारी का जोर रहा, लेकिन इसके बाद बिकवाली बढ़ने से सेंसेक्स 74,454.18 अंक तक फिसल गया।

पहले घंटे के बाद खरीदारों की सक्रियता बढ़ी और सेंसेक्स में तेजी आने लगी। लगातार लिवाली के बीच दोपहर करीब दो बजे यह सूचकांक 692.44 अंक यानी 0.93 प्रतिशत उछलकर दिन के ऊपरी स्तर 74,987.40 अंक तक पहुंच गया।

हालांकि, कारोबार के अंतिम चरण में मुनाफा वसूली शुरू होने से सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 128.41 अंक नीचे आ गया। अंत में यह 564.03 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,858.99 अंक पर बंद हुआ।

निफ्टी ने भी हासिल की बढ़त

एनएसई का निफ्टी 16.20 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,330.20 अंक पर खुला। बाजार खुलने के बाद खरीदारी का सहारा मिलने से निफ्टी जल्द ही रिकवर करते हुए 23,410.75 अंक तक पहुंच गया।

हालांकि पहले आधे घंटे के बाद बिकवाली का दबाव बढ़ा और निफ्टी अपनी शुरुआती बढ़त गंवाकर 31.60 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,314.80 अंक तक गिर गया।

इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे से खरीदार फिर सक्रिय हुए। लगातार लिवाली के चलते दोपहर करीब दो बजे निफ्टी दिन के निचले स्तर से 152 अंक उछलकर 120.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,466.80 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया।

अंतिम चरण में मुनाफा वसूली के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से 52.50 अंक फिसला और 67.90 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,414.30 अंक पर बंद हुआ।

रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में खरीदारी

कारोबार के दौरान रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा एफएमसीजी, फार्मास्युटिकल, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर, आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों पर दबाव बना रहा।

मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में गिरावट

ब्रॉडर मार्केट में सोमवार को आमतौर पर बिकवाली का दबाव देखने को मिला। इसके कारण निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में भी 0.07 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में गिरावट के कारण प्रमुख सूचकांकों में तेजी के बावजूद बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में कमी आई।

निवेशकों की संपत्ति में करीब 6 हजार करोड़ रुपये की कमी

बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण सोमवार के कारोबार के बाद घटकर 481.55 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) रह गया। शुक्रवार को यह 481.61 लाख करोड़ रुपये था।

इस तरह एक कारोबारी दिन में बाजार पूंजीकरण में करीब 0.06 लाख करोड़ रुपये यानी लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की कमी आई। प्रमुख सूचकांकों में तेजी के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी का असर निवेशकों की कुल संपत्ति पर पड़ा।

बीएसई में 2,213 शेयर बढ़त के साथ बंद

बीएसई पर सोमवार को कुल 4,706 शेयरों में सक्रिय कारोबार हुआ। इनमें 2,213 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,243 शेयरों में गिरावट रही। 250 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए।

एनएसई पर 3,283 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,564 शेयर बढ़त में और 1,719 शेयर गिरावट में बंद हुए।

सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि छह शेयरों में गिरावट रही। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में 30 शेयर हरे निशान में और 20 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

एटरनल और एचसीएल टेक टॉप गेनर्स में

सेंसेक्स और निफ्टी के दिग्गज शेयरों में एटरनल 2.77 प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर्स में रहा। एचसीएल टेक्नोलॉजी में 2.54 प्रतिशत, आईटीसी में 1.79 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स में 1.72 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.71 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई।

भारती एयरटेल समेत ये शेयर रहे दबाव में

दूसरी ओर भारती एयरटेल में 3.33 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अदानी पोर्ट्स 2.02 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.83 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन 1.55 प्रतिशत और अडानी एंटरप्राइजेज 1.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ टॉप लूजर्स में शामिल रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930