रांची: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुरानी रांची में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीनों वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घुमकड़िया भवन के पास हुई घटना
यह घटना पुरानी रांची स्थित घुमकड़िया भवन के पास की है। स्थानीय लोगों ने सुबह एक वाहन से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। कुछ ही देर में आग ने पास में खड़ी दो अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और दमकल विभाग को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
कोतवाली थाना प्रभारी सुजीत चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घनी आबादी में मची दहशत
घटना स्थल घनी आबादी वाला इलाका है, जहां अधिकांश लोग घरों में जगह की कमी के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं। आग लगने से आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
शिकायत दर्ज नहीं, जांच जारी
समाचार लिखे जाने तक किसी भी वाहन मालिक की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।






