पलामू, 06 सितंबर। कृष्ण जन्माष्टमी के जुलूस में शामिल होने गए एक युवक का शव रविवार को कुएं से बरामद किया गया। घटना पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के छेछानी गांव की है। मृतक की पहचान टरिया पंचायत के भालोगाड़ी निवासी चंदन कुमार साव (25) के रूप में हुई है। वह बिहारी साव का पुत्र था। पुलिस मामले की हत्या और हादसा, दोनों एंगल से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने और इसके बाद शव को कुएं में डालने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस कुछ युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई है। पुलिस घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है।
दोस्तों के बुलाने पर जुलूस में शामिल होने गया था चंदन
जानकारी के अनुसार चंदन महाराष्ट्र में रहकर पोकलेन चलाता था। वह शनिवार सुबह ही अपने घर लौटा था। शाम को छेछानी गांव में जन्माष्टमी पूजा को लेकर निकाले गए जुलूस में शामिल होने के लिए उसके दोस्तों ने उसे बुलाया था। छेछानी गांव उसके घर से करीब दो किलोमीटर दूर है।
जुलूस खत्म होने के बाद घर नहीं लौटा
जुलूस समाप्त होने के बाद भी जब चंदन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान उन्होंने उसके दोस्तों दीपक साव, रवि साव, कृष्णा साव और मोहित साव से पूछताछ की। परिजनों के अनुसार, पूछताछ और दबाव के बाद दोस्तों ने जुलूस के रास्ते से सटे कुएं से चंदन का शव बाहर निकाला।
शव शनिवार देर रात करीब एक बजे बरामद किया गया।
sound box को लेकर विवाद की बात सामने आई
चंदन के पिता और बड़े भाई ने तरहसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आरोप लगाया कि शनिवार देर शाम उन्हें सूचना मिली थी कि चंदन का उसके दोस्तों के साथ विवाद हो गया है और उसके साथ मारपीट की जा रही है। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक जुलूस समाप्त हो चुका था और चंदन वहां नहीं मिला।
परिजनों के मुताबिक, दोस्तों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि चंदन साउंड बॉक्स पर मुक्के से मार रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसके साथ मारपीट की गई। बाद में उनकी निशानदेही पर कुएं से चंदन का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर तरहसी थाना के पुलिस पदाधिकारी आनंद सिंह, महताब और राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था चंदन
चंदन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।






