पलामू, 03 सितंबर । हुसैनाबाद में विधायक संजय कुमार सिंह यादव के आवास के समीप बुधवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात पुरन्दरबिगहा गांव के पास जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर हुई। मृतक की पहचान कचरा गांव निवासी भुनेश्वर सिंह उर्फ भूलन सिंह के 32 वर्षीय पुत्र ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में जपला के सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के समीप शिवशक्ति नगर में परिवार के साथ रहते थे।
स्कॉर्पियो के पास खड़े युवक को मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोटू सिंह अपनी स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी कर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने उनकी कनपटी में गोली मार दी। गोली लगने के बाद उन्होंने गाड़ी का गेट खोलकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्हें शरीर के अन्य हिस्सों में भी दो गोलियां लगने की सूचना है।
घायल अवस्था में वह मुख्य सड़क से कुछ दूरी तक भागे और फिर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर बाइक से दंगवार की ओर फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास एक अन्य बाइक सवार के बाइक स्टार्ट कर खड़े होने की भी बात सामने आई है। इससे पुलिस को घटना में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका समेत कई बिंदुओं पर जांच करनी पड़ रही है।
अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। परिजन गंभीर रूप से घायल छोटू सिंह को इलाज के लिए मेदिनीनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक पर दर्ज थे आठ आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, मृतक के खिलाफ आठ आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें आर्म्स एक्ट, शराब तस्करी समेत अन्य मामले शामिल हैं। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हत्या के विरोध में टायर जलाकर सड़क जाम
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने देर रात सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
सड़क जाम के कारण देर रात से सुबह तक आवागमन प्रभावित रहा। हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और मृतक के परिजनों व प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
आश्वासन के बाद सुबह 7:30 बजे हटा जाम
प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे सड़क जाम समाप्त हुआ। इसके बाद मृतक के परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। पुलिस भी उनके साथ मौजूद रही।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान, हत्या के कारण और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।






