पलामू, 21 अगस्त । पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे पर पुल निर्माण कार्य में लगे दो मजदूरों को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। घटना में दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। वारदात के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में दहशत का माहौल है।
माचिस मांगने को लेकर हुआ विवाद
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। घायल मजदूरों के अनुसार, बाइक सवार दो अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और मजदूरों से माचिस मांगी। मजदूरों ने माचिस नहीं होने की बात कही। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बाइक सवार अपराधियों ने दोनों मजदूरों पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए।
पैर और पेट में लगी गोली
घायलों की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी 26 वर्षीय अजय हांसदा और 20 वर्षीय संजय हांसदा के रूप में हुई है। दोनों को पैर और पेट में गोली लगी है। घटनास्थल से पुलिस ने चार खोखे बरामद किए हैं।
अन्य मजदूरों ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया। रात करीब एक बजे दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।
एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश कर रही है।
एनएच-39 के फोरलेन का चल रहा काम
सतबरवा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-39 को फोरलेन करने का काम चल रहा है। रजडेरवा में एनएच पर फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है और उसके ऊपर अस्थायी कैंप बनाया गया है, जहां निर्माण कार्य में लगे मजदूर रहते हैं। पुलिस के अनुसार, देर रात बाइक सवार दो अपराधी कैंप के पास पहुंचे और फायरिंग कर फरार हो गए।
राहुल दुबे गिरोह पर भी जांच का फोकस
पुलिस को प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे राहुल दुबे गिरोह के शामिल होने की सूचना मिली है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।






