ऐप, ई-गाइड और ऑनलाइन टिकट से बदला घूमने का अनुभव
पटना: राजधानी स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान में बुधवार से गाइड टूर की सुविधा शुरू हो गई है। पहले दिन लगभग 700 लोगों ने गाइड के साथ ई वाहन पर जू भ्रमण किया और वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त की। बता दें कि जू गाइड की सुविधा सशुल्क उपलब्ध है। यानि पर्यटकों को इसके लिए शुल्क देना होगा। इसमें जू गाइड ई-कार्ट के साथ पर्यटकों को पूरे जू का भ्रमण कराते हैं और वन्यजीवों के बारे में जानकारी देते हैं। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पर्यटक प्रवेश द्वार के अंदर बने गाइड काउंटर से संपर्क करते हैं। इसके अलावा जू प्रशासन की ओर से पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई डिजिटल सेवाएं शुरू की गई हैं। इससे कम समय में अधिक वन्यजीवों को देखा और उनके बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है।
गाइड टूर, ऐप और ई-टिकट से बदला घूमने का अंदाज़
जू प्रशासन की ओर से शुरू किया गया “जू ऐप” पर्यटकों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है। इस ऐप के माध्यम से पर्यटक ऑनलाइन टिकट बुक कर रहे हैं। इससे टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से लोग बच रहे हैं। इसके साथ ही ऐप में नैविगेशन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे पर्यटक जू परिसर में आसानी से अपने पसंदीदा वन्यजीवों तक पहुंच रहे हैं और कम समय में बेहतर भ्रमण का अनुभव ले रहे हैं।
ऐप की एक खास सुविधा यह भी है कि जब पर्यटक किसी वन्यजीव के पास पहुंचते हैं, तो उन्हें उस वन्यजीव से जुड़ी विस्तृत जानकारी पढ़ने और सुनने की सुविधा मिलती है। इससे जू भ्रमण केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि ज्ञानवर्धक अनुभव भी बन रहा है। इसके अलावा ऐप में “खोया एवं पाया” की सुविधा भी दी गई है, जिससे पर्यटकों को किसी सामान के खो जाने पर सहायता मिल सके।
जू परिसर में पर्यटकों के लिए फ्री वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध है। जू प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही पर्यटक पेड़ों पर लगे क्यूआर कोड के माध्यम से जू में मौजूद वन्यजीवों और पौधों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।





