‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का बिहार में आगाज, ब्रह्माकुमारीज के साथ करेगा MoU: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Share

पटना:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक भवन, पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प’ अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान बिहार के राज्यपाल भी कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त होना बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में लागू पूर्ण शराबबंदी के बाद बिहार में सामाजिक स्तर पर सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों को इसका लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल कानून से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता से ही सफल हो सकती है।

उन्होंने बताया कि बिहार सरकार नशामुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए ब्रह्माकुमारीज के साथ एमओयू (MoU) करेगी, ताकि गांवों, शहरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और युवाओं तक इस अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवाओं को बेहतर शिक्षा और सकारात्मक माहौल देने के लिए 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में माई भारत एवं ब्रह्माकुमारीज की ओर से मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और अभियान से जोड़ने के लिए माई भारत की कैप भी पहनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, वरिष्ठ अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, आपदा मित्र और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930