धनबाद, 18 अप्रैल — धनबाद जिले में अपराधियों ने शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए मेयर समर्थक की गोली मारकर हत्या कर दी।
घर में घुसकर मारी तीन गोलियां
जानकारी के अनुसार, सोनारडीह ओपी क्षेत्र में जनता श्रमिक संघ के केंद्रीय संगठन सचिव और मेयर संजीव सिंह के समर्थक शुभम यादव को बदमाशों ने घर में घुसकर गोली मार दी। घटना ओपी से महज 300 मीटर दूरी पर एनएच-32 किनारे स्थित उनके आवास पर हुई।
बताया जा रहा है कि शुभम अपनी दादी के साथ घर पर मौजूद थे, तभी दो हमलावर अचानक अंदर घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। शुभम को तीन गोलियां लगीं—दो छाती में और एक सिर में।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद परिजनों ने घायल शुभम को पहले कतरास, फिर निचितपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें असर्फी अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।






