झारखंड हाई कोर्ट ने पारा शिक्षकों को नहीं दी अंतरिम राहत, जेएसएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्रता शर्तों पर विवाद

Share

—इंटरमीडिएट प्रशिक्षित शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने की मांगी थी अनुमति, पात्रता शर्तें पूरी नहीं करने पर जेएसएससी ने किया विरोध; आवेदन की अंतिम तिथि 18 अक्टूबर

रांची, 14 अक्टूबर । झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (पारा कोटि) 2026 में शामिल होने की अनुमति मांगने वाले पारा शिक्षकों को झारखंड हाई कोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिली है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने ऋषिकांत तिवारी एवं अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। हालांकि, अदालत ने प्रार्थियों को शिक्षा विभाग के समक्ष अभ्यावेदन देकर अपना पक्ष रखने की छूट दी है।

तीन साल के भीतर जेटेट पास करने का दिया था भरोसा

सुनवाई के दौरान प्रार्थियों ने अदालत को बताया कि वे इंटरमीडिएट प्रशिक्षित शिक्षक (कक्षा एक से पांच) की परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं। उनका कहना था कि वे वर्तमान में निर्धारित शिक्षक पात्रता संबंधी शर्तों को पूरा नहीं करते हैं, लेकिन उन्हें परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाए। इसके लिए उन्होंने तीन साल के भीतर झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) उत्तीर्ण करने का भरोसा दिया।

जेएसएससी ने पात्रता शर्तों का हवाला देकर किया विरोध

प्रार्थियों की ओर से अदालत को बताया गया कि उन्होंने न तो जेटेट उत्तीर्ण किया है और न ही निकटवर्ती राज्यों की केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) या शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) पास की है। इसके बावजूद उन्होंने परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देने का आग्रह किया।

वहीं, जेएसएससी की ओर से अधिवक्ता संजय पिपरावाल ने याचिका का विरोध किया। उन्होंने दलील दी कि प्रार्थी भर्ती विज्ञापन में निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करते हैं। ऐसे में उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के सुनील यादव मामले में पारित आदेश का भी हवाला दिया, जिसके आधार पर पारा शिक्षक कोटि के लिए विज्ञापन जारी किया गया है।

शिक्षा विभाग के समक्ष रख सकेंगे अपना पक्ष

हाई कोर्ट ने प्रार्थियों को अंतरिम राहत नहीं दी, लेकिन उन्हें शिक्षा विभाग के समक्ष अभ्यावेदन देने की छूट प्रदान की है। इससे प्रार्थी अपनी मांग और पक्ष विभाग के सामने रख सकेंगे।

5,000 से अधिक पदों पर होनी है भर्ती

उल्लेखनीय है कि जेएसएससी ने विज्ञापन संख्या 4/26 के तहत इंटरमीडिएट प्रशिक्षित शिक्षक (कक्षा एक से पांच) और इंटरमीडिएट प्रशिक्षित शिक्षक (कक्षा छह से आठ) के 5,000 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031