झारखंड भाजपा को मिलेगा नया नेतृत्व: आदित्य साहू का निर्विरोध चयन लगभग तय

Share

रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को संगठन पर्व के अंतिम चरण के तहत प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव पूर्वाह्न 11 बजे प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. प्रदीप वर्मा तथा सह चुनाव अधिकारी गणेश मिश्र और सुनीता सिंह से विचार-विमर्श किया। इसके बाद निर्धारित समयानुसार अपराह्न 12 बजे से 2 बजे तक नामांकन कक्ष में बैठकर नामांकन पत्र प्राप्त किए।

नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में जुएल उरांव ने बताया कि तय समय-सीमा के भीतर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक तथा राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए कुल 21 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद विद्युत वरण महतो नामांकन पत्रों के प्रस्तुतकर्ता (प्रेजेंटर) रहे।

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने नामांकन दाखिल किया। उनके प्रस्तावकों में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम एवं बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, पार्टी प्रवक्ता रमाकांत महतो तथा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह शामिल हैं।

राष्ट्रीय परिषद के लिए नामांकन दाखिल करने वालों में कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविंद्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतूचरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश और गीता कोड़ा शामिल हैं।

जुएल उरांव ने बताया कि 14 जनवरी को हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930