—पारंपरिक अंदाज में हुआ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत, चंदन तिलक, पुष्पवर्षा और आरती से नेताओं का अभिनंदन
रांची, 24 अक्टूबर । झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रांची पहुंचे। रिंग रोड स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में उनके आगमन पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। इस दौरान नितिन नवीन ने स्वयं मांदर बजाकर आदिवासी कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
मांदर की थाप पर थिरकते कलाकारों के बीच पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष
बैठक स्थल के मुख्य द्वार पर पारंपरिक वेशभूषा में सजे आदिवासी कलाकार ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर नृत्य कर रहे थे। कलाकारों की प्रस्तुति देखकर नितिन नवीन ने भी गले में मांदर टांगकर उसे बजाया। उनके इस अंदाज ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं का ध्यान आकर्षित किया।

इस मौके पर बाबूलाल मरांडी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, रांची के विधायक सीपी सिंह और हटिया के विधायक नवीन जायसवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
चंदन तिलक, पुष्पवर्षा और आरती से हुआ स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी और अन्य पदाधिकारियों का भी पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर नेताओं के माथे पर चंदन का तिलक लगाया, पुष्पवर्षा की और आरती उतारी।
इसके बाद सभी नेताओं को ‘जोहार’ लिखा पारंपरिक गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सबसे पहले जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके बाद प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी। इसमें पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
पोस्टरों से सजा बैठक स्थल, अमर बाउरी ने सरकार को घेरा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिए हवेली बैंक्वेट हॉल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बड़े-बड़े पोस्टरों से सजाया गया है। बैठक में भाग लेने वाले नेताओं और पदाधिकारियों का पंजीकरण किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर उनका पारंपरिक गमछा पहनाकर स्वागत किया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में झारखंड को बेहतर नेतृत्व देने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
दो दिवसीय बैठक को झारखंड में भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






