कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 13 फरवरी 2026 को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप बी के मैच में जिम्बाब्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त दी। इसी के साथ जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल की। इससे पहले उसने आमोन की टीम को भी हराया था। टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये जिम्बाब्वे की दूसरी जीत है। इससे पहले जिम्बाब्वे ने साल 2007 में भी ऑस्ट्रेलिया को उलटफेर का शिकार बनाया था।
जिम्बाब्वे ने बोर्ड पर लगाया बड़ा स्कोर
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। वहीं, जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इस दौरान ओपनर ब्रायन बेनेट ने नाबाद 64 रनों की शानदार पारी खेली, उन्होंने 7 चौके जड़े वहीं, तदीवानाशे मारुमानी ने 21 गेंदों पर 35 रन बनाए। रेयान बर्ल ने 30 गेंदों पर 35 रन और कप्तान सिकंदर रजा ने 13 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया।
इंग्लिस, ग्रीन और डेविड फ्लॉप
ऑस्ट्रेलिया का टॉप ऑर्डर 4.3 ओवर में 29 रन पर पवेलियन लौट गया था। जोश इंग्लिस 8, कैमरन ग्रीन और टिम डेविड बगैर खाता खोले और कप्तान ट्रेविस हेड 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल और मैट रेनशॉ के बीच 59 गेंद पर 77 रनों की साझेदारी हुई। मैक्सवेल 15वें ओवर में 32 गेंद पर 31 रन बनाकर आउट हुए। मार्कस स्टोइनिस भी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
रेनशॉ ने 65 रन ठोके
रेनशॉ ने 44 गेंद पर 65 रन बनाए। वह 19वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। एडम जम्पा 2 रन बनाकर आउट हुए। मैथ्यू कुहनेमन के तौर पर आखिरी विकेट गिरा। वह रन आउट हुए। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी ने 17 रन देकंर 4 विकेट लिए। ब्राड इवांस ने 23 रन देकर 3 विकेट लिए। वेलिंग्टन मस्कादजा और रयान बर्ल ने 1-1 विकेट लिए।
जिम्बाब्वे की पारी
जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने 56 गेंद पर नाबाद 64 रन बनाए। उन्होंने सात चौके लगाए। तदिवानाशे मारुमानी ने 21 गेंद पर 35 और रयान बर्ल ने 30 गेंद पर 35 रन बनाए। कप्तान सिंकदर रजा ने 13 गेंद पर 25 रन बनाकर स्कोर को 170 रन तक पहुंचा दिया। जिम्बाब्वे की पारी में सिर्फ 1 छक्का लगा। ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरन ग्रीन और मार्क्स स्टोइनिस ने 1-1 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया की टीम कर रही संघर्ष
पैट कमिंस और जोश हेजलवुड के चोटिल होने के कारण टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की टीम दिक्कत में है। उसे चोट के कारण कप्तान मिचेल मार्श की भी सेवाएं नहीं मिल रही हैं। जोश इंग्लिस, कैमरन ग्रीन, टिम डेविड, ग्लेन मैक्सवेल और मार्क्स स्टोइनिस जैसे खिलाड़ियों के होने के बाद भी ट्रेविस हेड की कप्तानी में संघर्ष करती दिख रही है। उसकी दिक्कतें और बढ़ गई हैं क्योंकि ऑलराउंडर मार्क्स स्टोइनिस को भी जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में चोट लग गई। वह तीसरा ओवर पूरा नहीं कर पाए और पवेलियन लौट गए। हालांकि, वह बल्लेबाजी के लिए लौटे।





