—स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और मणि मनीष हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के बीच हुआ समझौता, जामताड़ा में 100 एमबीबीएस सीटों और 420 बेड की होगी व्यवस्था
रांची। झारखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में पहल की गई है। राज्य के पहले चरण में खूंटी, जामताड़ा, धनबाद और गिरिडीह में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत मेडिकल कॉलेज-अस्पताल खोलने की योजना है। इसी कड़ी में जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज-अस्पताल की स्थापना के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और मेसर्स मणि मनीष हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड (एमएमएचपीएल) के प्रतिनिधियों के बीच आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा और रिम्स के निदेशक डॉ. डीके सिन्हा उपस्थित थे।
जामताड़ा सदर अस्पताल को 420 बेड का बनाया जाएगा
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज-अस्पताल के लिए निविदा जारी की गई थी। उन्होंने कहा कि जामताड़ा परियोजना के लिए एक रुपये की टोकन मनी पर एलओआई हुआ है। योजना के तहत जामताड़ा सदर अस्पताल को उन्नत कर 420 बेड की क्षमता वाला अस्पताल बनाया जाएगा। यहां 100 एमबीबीएस सीटों पर मेडिकल की पढ़ाई की व्यवस्था भी होगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना में एमएमएचपीएल प्रमुख सदस्य है। इसके साथ आई केयर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च तथा डॉ. विधानचंद्र राय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भी शामिल हैं।
जल्द होगा मेडिकल कॉलेज-अस्पताल का शिलान्यास
एलओआई पर हस्ताक्षर के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जामताड़ा की जनता की सेवा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने घोषणा की कि जिले में मेडिकल कॉलेज-अस्पताल का शिलान्यास जल्द किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि जामताड़ा की पहचान अब साइबर अपराध के बजाय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल के लिए बने, यह उनकी इच्छा है। उन्होंने राज्य में रिम्स-2 के शिलान्यास को लेकर भी जल्द अच्छी खबर देने की बात कही।
एक रुपये में अस्पताल और मेडिकल कॉलेज बनाने की पहल: मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक रुपये की टोकन मनी पर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की परियोजना आगे बढ़ाना सरकार की सोच को दर्शाता है। उन्होंने भाजपा के मंदिर निर्माण संबंधी समझौतों का उल्लेख करते हुए दोनों की तुलना की।
निजी मेडिकल कॉलेजों की फीस तय करने के लिए बनेगी समिति
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड के निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए फीस निर्धारित करने के उद्देश्य से जल्द ही फीस निर्धारण समिति गठित की जाएगी। उनके अनुसार, वर्तमान फीस निर्धारण समिति सक्रिय नहीं है। नई समिति के गठन से निजी मेडिकल कॉलेजों की फीस तय करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।





