जमशेदपुर में मॉब का कहर, बच्चा चोरी के शक में युवक-युवती से मारपीट

Share

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के रसुनचोपा गांव में शनिवार को बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक और युवती को पकड़ लिया। दोनों पर संदेह जताते हुए ग्रामीणों ने उनसे पूछताछ की और इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट भी कर दी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि इलाके में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल रही है। इसी वजह से ग्रामीण पहले से सतर्क हैं। शनिवार को गांव में घूमते हुए एक युवक और युवती को देखकर लोगों को शक हुआ। ग्रामीणों ने दोनों को रोककर उनकी पहचान और गांव में आने का कारण पूछा, लेकिन वे स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इससे लोगों का शक और बढ़ गया और देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने बच्चा चोरी के आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों को ग्रामीणों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि युवक और युवती चाईबासा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि दोनों मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकते हैं। पुलिस उनकी पहचान और परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाह के कारण इलाके में कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पहले मानपुर पंचायत में भी ग्रामीणों ने एक सर्वेयर को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया था, लेकिन बाद में जांच में वह मामला गलतफहमी निकला था।

कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और कानून को अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि अगर किसी अनजान व्यक्ति पर संदेह होता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि मामले की सही तरीके से जांच की जा सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031