पूर्वी सिंहभूम, 21 सितंबर । जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। विवाद के दौरान चापड़ से हमला किए जाने से तीन युवकों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इसी दौरान पुलिस बल और विसर्जन जुलूस में शामिल डीजे वाहन पर पथराव किए जाने की बात भी सामने आई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल और क्यूआरटी को मौके पर तैनात किया। सोमवार को संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।
डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, काशीडीह में जुस्को स्कूल के समीप गणेश पूजा का आयोजन किया गया था। रविवार रात गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया। जुलूस में डीजे, रोशनी और पटाखों की व्यवस्था की गई थी।
आयोजक और स्थानीय युवक डीजे की धुन पर नाचते हुए काशीडीह लाइन नंबर 13 के पास पहुंचे। इसी दौरान डांस करने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
चापड़ से हमले में तीन युवक घायल
आरोप है कि इसी दौरान पूर्व अपराधी गौरव ने चापड़ निकालकर हमला कर दिया, जिसमें तीन युवक घायल हो गए। घटना के बाद विसर्जन जुलूस में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आसपास के दुकानदारों ने भी एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस और डीजे वाहन पर पथराव का आरोप
पुलिस गणेश प्रतिमा और डीजे वाहन को लेकर काशीडीह लाइन नंबर एक की ओर बढ़ी। इसी दौरान घायल युवकों के समर्थकों की ओर से कथित तौर पर पुलिस बल और डीजे वाहन पर पथराव किया गया।
इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ क्यूआरटी को बुलाया गया। आसपास के थाना क्षेत्रों से भी पुलिस बल मंगाकर संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया।
संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च
घटना के बाद सोमवार को पुलिस ने काशीडीह के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उपद्रव में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।






