पूर्वी सिंहभूम, 04 अगस्त। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड में घायल आफताब आलम की मंगलवार तड़के कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और बर्मामाइंस थाना के बाहर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
आरोपितों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने गोलीकांड में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
बाइक सवार बदमाशों ने मारी थी गोली
जानकारी के अनुसार, आफताब आलम को रविवार रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती स्थित कंटेनर यार्ड के पास बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया था। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें उन्हें तीन गोलियां लगी थीं।
गंभीर रूप से घायल आफताब को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया था, जहां मंगलवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, छापेमारी जारी
घटना के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
फिलहाल पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
आफताब आलम की मौत के बाद बर्मामाइंस और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।






