—स्टीमर से नासरीगंज से महावीर घाट तक किया निरीक्षण, 91 घाट सुरक्षित और पांच खतरनाक घोषित
पटना, 05 नवंबर । लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार शाम पटना में गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को घाटों पर सफाई, सुरक्षा और स्वच्छता की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।
स्टीमर से कई प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने स्टीमर से नासरीगंज घाट से निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट और गायघाट से भद्र घाट होते हुए महावीर घाट तक के विभिन्न गंगा घाटों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए घाटों पर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पटना में 103 गंगा घाट, 91 सुरक्षित
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पटना में गंगा नदी पर कुल 103 घाट हैं। इनमें 91 घाट सुरक्षित, पांच खतरनाक और सात घाटों पर काम जारी है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
552 अस्थायी शौचालय और 400 चेंजिंग रूम की व्यवस्था
अधिकारियों ने बताया कि छठ घाटों पर नागरिक सुविधाओं के तहत 552 अस्थायी शौचालय, 450 अस्थायी यूरिनल, 400 अस्थायी चेंजिंग रूम, 13 यात्री शेड और 171 वॉच टावर बनाए गए हैं।
घाटों पर नगर निगम, नगर परिषद दानापुर और अन्य विभागों एवं कार्य एजेंसियों की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 21 सेक्टर गठित किए गए हैं। इन सेक्टरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि सुरक्षा और अन्य इंतजामों का नियमित निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया जा सके।
92 घाट और 103 तालाबों को किया जा रहा तैयार
पटना नगर निगम की ओर से छठ महापर्व-2026 के लिए 92 घाट और 103 तालाब तैयार किए जा रहे हैं। इनमें 37 कृत्रिम और 66 स्थायी तालाब शामिल हैं। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक अर्घ्य स्थल उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक रत्नेश कुमार, विधायक संजय कुमार, पटना की महापौर सीता साहू समेत कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।






