कोडरमा के कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय में रखने की मांग, विधायक नीरा यादव ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

Share

कोडरमा, 07 अगस्त — कोडरमा जिले के महाविद्यालयों को पूर्ववत विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से संबद्ध रखने की मांग को लेकर विधायक डॉ. नीरा यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव भी मौजूद रहे।

गिरिडीह विश्वविद्यालय से संबद्धता पर जताई चिंता
विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि कोडरमा जिले के सभी महाविद्यालय वर्ष 1992 से विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से संबद्ध हैं। वर्तमान में इन्हें नवस्थापित सर जेसी बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि कोडरमा से हजारीबाग की दूरी करीब 58 किलोमीटर है, जबकि गिरिडीह की दूरी लगभग 120 से 125 किलोमीटर है। ऐसे में विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय और आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा।

ग्रामीण और कमजोर वर्ग के छात्रों पर असर की आशंका
विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के चौथे वर्ष में विश्वविद्यालय स्तर की शैक्षणिक गतिविधियों में भागीदारी जरूरी है। विश्वविद्यालय की दूरी बढ़ने से विशेषकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है और ड्रॉपआउट की संभावना बढ़ सकती है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रहित को ध्यान में रखते हुए कोडरमा जिले के सभी महाविद्यालयों को पूर्ववत विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के अधीन रखने का आग्रह किया।

उच्च शिक्षा मंत्री को भी सौंपा पत्र
डॉ. नीरा यादव ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को भी पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

डिग्री कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज शुरू करने की मांग
विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष कोडरमा इंजीनियरिंग कॉलेज को जल्द शुरू कराने की मांग रखी। इसके अलावा सतगावां, मरकच्चो, डोमचांच और चंदवारा में वर्षों से बनकर तैयार डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू कराने का आग्रह भी किया।

मुलाकात के दौरान उन्होंने जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और अन्य जनसमस्याओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930