केरल के भाजपा जनप्रतिनिधियों की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात

Share

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को अपने आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर केरल के नवनिर्वाचित भाजपा पंचायत सदस्यों, नगर पालिका सदस्यों और निगम पार्षदों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए सेवा, सुशासन और विकास के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष तथा केरल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य ही विकास की मजबूत नींव रखता है।

भाजपा ने इस मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि केरल में बदलाव की शुरुआत वार्ड स्तर से हो रही है और पार्टी के जनप्रतिनिधि विकास की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं।

राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को नई ऊर्जा मिली है तथा पार्टी सबका साथ सबका विकास और प्रदर्शन आधारित राजनीति को राज्य के प्रत्येक वार्ड और पंचायत तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि केरल के तिरुवनंतपुरम नगर निगम सहित विभिन्न स्थानीय निकायों के लगभग 120 भाजपा जनप्रतिनिधि तीन दिवसीय प्रशासनिक एवं सुशासन कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दिल्ली आए हुए हैं। इस दौरान उन्होंने संसद भवन का भ्रमण किया और बजट सत्र की कार्यवाही देखी। प्रतिनिधिमंडल ने गृहमंत्री अमित शाह, राज्यसभा के सभापति एवं उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन तथा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात की।

तिरुवनंतपुरम के मेयर वीवी राजेश ने बताया कि दौरे के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं के बेहतर समन्वय और राज्य के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित विशेष प्रशिक्षण सत्रों में भी भाग लिया।

केरल से आए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री से प्राप्त मार्गदर्शन राज्य में विकास और सुशासन की दिशा में उनके प्रयासों को और सशक्त करेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram