मोहाली, 03 नवंबर । गत चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम बुधवार को हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम की नजरें इस मुकाबले में जीत दर्ज कर खिताब बचाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाने पर होंगी। टूर्नामेंट का लीग चरण जालंधर में खेला गया, जबकि सेमीफाइनल और आगे के मुकाबले मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होंगे।
लीग चरण में अजेय रहा भारत
हॉकी इंडिया के अनुसार, भारतीय टीम ने लीग चरण में अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस दौरान सोमवार को जालंधर में खेले गए आखिरी लीग मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-0 से करारी शिकस्त दी थी। अब दोनों टीमें तीन दिन के भीतर दूसरी बार आमने-सामने होंगी। हालांकि, सेमीफाइनल का मुकाबला दोनों टीमों के लिए नई चुनौती होगा।
भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कोरिया के खिलाफ जीत के बाद कहा था कि नॉकआउट मुकाबलों का दबाव अलग होता है और टीम को अच्छी शुरुआत करनी होगी।
हरमनप्रीत नौ गोल के साथ शीर्ष पर
लीग चरण में भारतीय टीम की सफलता में उसके फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई। सुखजीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए अब तक चार-चार गोल किए हैं। वहीं, अभिषेक के नाम तीन गोल हैं। हालांकि, चोट के कारण वह दक्षिण कोरिया के खिलाफ पिछले मुकाबले में नहीं खेल पाए थे।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह नौ गोल के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। टीम के एक अन्य ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह ने भी अब तक तीन गोल किए हैं।
छठी बार खिताब जीतने पर भारत की नजर
भारत 15 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर रहा। टीम ने लीग चरण में कुल 34 गोल किए, जबकि उसके खिलाफ केवल पांच गोल हुए। भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में भी इसी प्रदर्शन को दोहराकर छठी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतना चाहेगी।
भारत टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम है। उसने 2011, 2016, 2018 (पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता), 2023 और 2024 में खिताब अपने नाम किया है।






