–देशवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की
नई दिल्ली: ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। देश के अधिकांश हिस्सों में आज ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
भाईचारे और खुशियों की भावना मजबूत होने की कामना
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,
“ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं। कामना है कि यह अवसर हमारे समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और गहरा करे। सभी की सफलता और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना।”

राष्ट्रपति ने कहा कि यह पर्व हमें मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स हैंडल ने एक पोस्ट में लिखा, ‘ईद-उल-अजहा के अवसर पर मैं सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। यह त्योहार समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है. यह पर्व हमें मानवता, विशेषकर वंचित वर्गों, की सेवा करने की प्रेरणा देता है। आइए, इस अवसर पर हम समाज में प्रेम और समरसता का संचार करने के लिए अधिक प्रतिबद्धता से आगे बढ़ें। ’
केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने लिखा, “बकरीद त्याग और निस्वार्थ भक्ति का शाश्वत संदेश लेकर आती है। इसके द्वारा पोषित मूल्य हमारे दैनिक जीवन में झलकने चाहिए और समाज को मानवता तथा करुणा की ओर अग्रसर करना चाहिए। हमारी इन उत्सवों की आध्यात्मिक रोशनी हमें हर चुनौती का सामना साहस और आशा के साथ करने की शक्ति प्रदान करे। आप सभी को ईद मुबारक।”
बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक्स पोस्ट में लिखा, “ईद अल अजहा, अर्थात् आम बोलचाल की जुबान में बकरीद पर्व की दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीय मुस्लिम भाई-बहनों व उनके परिवार वालों को दिली मुबारकबाद तथा उनके साथ-साथ समस्त देशवासियों के खुश व खुशहाल जिंदगी की शुभकामनाएं।”
उन्होंने आगे लिखा, “सभी पर्व व त्योहार आदि पूरी शान्ति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ गुजरे तो यह देश व जनहित में हमेशा बेहतर होगा, ताकि देश-प्रदेश के विकास व यहां के लोगों की तरक्की पर पूरी ऊर्जा, शक्ति व संसाधन लग सके, जैसा कि बीएसपी की यहां यूपी में रही चारों सरकारों में हमेशा से सभी सरकारों में दुर्लभ रही कानून द्वारा कानून के राज के तहत पूरी तरह से सर्वसमाज-हितैषी ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की बेहतरीन सरकार रही।”
आरएमएल प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने लिखा, “बिहार सहित समस्त देशवासियों को त्याग, बलिदान, इबादत, बरक्कत और आपसी सौहार्द का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) की दिली मुबारकबाद। इस अवसर पर खुदा से सभी के लिए अमन-चैन, सलामती एवं रहमतों की दुआ करते हैं।”
देशभर में मनाई जा रही बकरीद
ईद-उल-अजहा के मौके पर देशभर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की जा रही है। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर पर्व की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी।






