आय से अधिक संपत्ति मामले में डीपीओ रूबी कुमारी के चार ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी

Share

—किशनगंज, कटिहार और पटना समेत चार स्थानों पर एकसाथ तलाशी; संपत्ति के दस्तावेज, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की हो रही जांच

किशनगंज, 03 अक्टूबर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) रूबी कुमारी के खिलाफ कार्रवाई की है। ईओयू की विशेष टीम ने मंगलवार सुबह करीब सात बजे उनके चार ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी शुरू की। किशनगंज, कटिहार और पटना समेत अन्य स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय और किराये के मकान में तलाशी

जानकारी के अनुसार, ईओयू की टीम ने किशनगंज के रूईधासा स्थित सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय और लाइन मोहल्ला स्थित डीपीओ रूबी कुमारी के किराये के मकान में एकसाथ दबिश दी। दोनों स्थानों पर अधिकारियों की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच कर रही है। इसके अलावा अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान जारी है।

डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई

पूरी कार्रवाई ईओयू के पुलिस उपाधीक्षक स्तर के वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में की जा रही है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यालय और आवास के बाहर सदर थाना पुलिस की तैनाती की गई है। मुख्य प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल मुस्तैद है और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

शिकायतों के बाद शुरू हुई थी जांच

सूत्रों के अनुसार, डीपीओ रूबी कुमारी के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें मिलने के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

फिलहाल ईओयू की टीम अचल संपत्ति के दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय अभिलेखों को खंगाल रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही कथित अनुपातहीन संपत्ति और बरामद दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30