–ईचागढ़ से दो बार चुनाव लड़ चुके आजसू नेता खगेन महतो भाजपा में शामिल, मिलन समारोह में नए सदस्यों का हुआ स्वागत
रांची: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए कई नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। सरायकेला के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के आजसू नेता खगेन महतो ने रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया। खगेन महतो ईचागढ़ विधानसभा सीट से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं।
खगेन महतो के साथ कई नेताओं ने ली सदस्यता
खगेन महतो के अलावा कुमकुम देवी, जमशेदपुर महानगर के विमल बैठा और बोकारो की परिंदा सिंह सहित कई अन्य नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। समारोह में पार्टी के सदस्यता प्रभारी राकेश प्रसाद, जिलाध्यक्ष हरिकृष्ण प्रधान समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया और कहा कि उनके अनुभवों से संगठन को मजबूती मिलेगी।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अंत्योदय के संकल्प के साथ 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 12 करोड़ लोगों को शौचालय और 10 करोड़ से अधिक लोगों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने जैसी पहल की है।
मरांडी ने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाने को भी केंद्र सरकार के प्रमुख फैसलों में शामिल बताया।

‘सेवा संकल्प अभियान’ में भागीदारी की अपील
बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं और पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों से देशभर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर जोर दिया।
मरांडी ने आगामी चुनावों में झारखंड में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प भी दोहराया।






