अररिया में मुखिया प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता पर फायरिंग से मचा हड़कंप, मिसफायर होने से बाल-बाल बचे

Share

अररिया, 02 सितंबर। फारबिसगंज के किरकिचिया पंचायत की मुखिया रबीन खातून के पति, मुखिया प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता कफिल अंसारी पर बुधवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बाइक सवार तीन युवकों में से एक ने कफिल अंसारी पर पिस्टल से गोली चलायी, लेकिन गोली मिसफायर हो गई। इससे वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

जाम हटवाने पहुंचे थे मुखिया प्रतिनिधि

घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे फारबिसगंज कॉलेज चौक से डीएसपी आवास की ओर जाने वाली नहर कॉलोनी सड़क की है। बताया गया कि संकरी सड़क पर एक साथ दो ट्रक घुस जाने के कारण जाम लग गया था। इससे निजी विद्यालयों की कई स्कूल वैन समेत अन्य वाहन जाम में फंस गए थे।

जाम की स्थिति को देखते हुए मुखिया प्रतिनिधि कफिल अंसारी मौके पर पहुंचे और ट्रक चालकों से एक साथ दो ट्रक संकरी सड़क पर लाने को लेकर सवाल किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

ट्रक चालक ने फोन कर बुलाए हथियारबंद युवक

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद ट्रक चालक ने फोन कर मियांहाट से हथियारों से लैस तीन युवकों को बुला लिया। तीनों युवक मौके पर पहुंचे और कफिल अंसारी से उलझने लगे। इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल निकालकर उन पर गोली चला दी।

संयोग से गोली मिसफायर हो गई और कफिल अंसारी सुरक्षित बच गए। गोली चलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ को आते देख तीनों युवक हथियार लहराते हुए बाइक से मियांहाट की ओर भाग निकले।

पुलिस ने एक आरोपित को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज के प्रभारी एसडीपीओ पंकज कुमार, थानाध्यक्ष मनोज कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपित युवक को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपित को एक कमरे में रखा था, लेकिन वहां बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई और लोग उसकी पिटाई करने पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपित युवक को भीड़ से निकालकर सुरक्षित थाने पहुंचाया।

मौके से मिसफायर गोली का खोखा बरामद

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिसफायर गोली का खोखा भी बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली।

हालांकि, पुलिस ने अभी घटना और आरोपितों के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य युवकों की तलाश जारी है।

घटना के बाद गांव में तनाव

मुखिया प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता पर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस बल को सतर्क रखा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930