अररिया, 21 अगस्त । नरपतगंज थाना पुलिस ने नकली सोना और रुपये का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुरुवार शाम झिंगली चौक के पास गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। हालांकि, गिरोह के चार अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
नकली नोटों के बंडल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 500, 200 और 100 रुपये के दस बंडल बरामद किए। पुलिस के अनुसार, इन बंडलों में ऊपर और नीचे असली नोट लगाए गए थे, जबकि बीच में खिलौने वाले नोट रखे गए थे।
इसके अलावा पुलिस ने तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में नरपतगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नेपाल का एक आरोपित भी गिरफ्तार
गिरफ्तार चार आरोपितों में तीन नरपतगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि एक नेपाल के मोरंग जिले का निवासी है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नरपतगंज थाना क्षेत्र के मधुरा निवासी 31 वर्षीय पंकज कुमार पासवान, 45 वर्षीय मनोज पासवान, खैरा गढ़िया गांव निवासी 31 वर्षीय मो. समीरुद्दीन और नेपाल के मोरंग जिले के हरिईचा स्थित नेताजी चौक निवासी 38 वर्षीय चूड़ामणि चौधरी के रूप में हुई है।
रात के अंधेरे में चार सदस्य फरार
पुलिस के पहुंचते ही गिरोह के चार अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस गिरोह के काम करने के तरीके, फरार सदस्यों और ठगी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।






