वाशिंगटन, 07 सितंबर। अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को अमेजन का एक मालवाहक विमान रनवे से बाहर निकलकर खेत में जा पहुंचा और कई वाहनों से टकराने के बाद उसमें आग लग गई। अधिकारियों के मुताबिक हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दो अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद एयरपोर्ट पर करीब तीन घंटे तक विमानों की आवाजाही रोक दी गई।
सैन जुआन से मियामी पहुंचा था विमान
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि कार्गो विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब दो बजे रनवे से बाहर निकल गया। विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से मियामी पहुंचा था।
अधिकारियों ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग विमान में सवार थे या उन वाहनों में मौजूद थे, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी थी।
कॉकपिट में फंसे थे पायलट और को-पायलट
हादसे के बाद घटनास्थल के ऊपर काले धुएं का गुबार छा गया। मियामी-डेड रेस्क्यू के फायर चीफ रे जदल्लाह ने बताया कि विमान के कॉकपिट में पायलट और को-पायलट फंस गए थे। कुछ लोग कारों के अंदर भी फंसे थे, जबकि एक व्यक्ति वाहन के नीचे दब गया था।
दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
तीन घंटे तक एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
हादसे के बाद मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब तीन घंटे तक विमानों की आवाजाही रोक दी गई। विमान से ईंधन का रिसाव भी हो रहा था और दमकलकर्मी कई घंटे तक इसे नियंत्रित करने में जुटे रहे।
हादसे के बाद विमान सड़क किनारे जाकर रुक गया। मौके पर दो बड़े ट्रक भी खड़े थे। हादसे की तस्वीरों में विमान पेट के बल पड़ा दिखाई दिया। आग लगने के बावजूद विमान का ज्यादातर हिस्सा सुरक्षित रहा।
32 साल पुराना बोइंग 767 था विमान
दुर्घटनाग्रस्त विमान 32 साल पुराना बोइंग 767 था। इसे मूल रूप से यात्री विमान के रूप में बनाया गया था और दो दशक से अधिक समय तक विभिन्न एयरलाइंस के लिए उड़ान भरता रहा। वर्ष 2015 में इसे मालवाहक विमान में परिवर्तित किया गया था।
यह उड़ान नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी 21 एयर द्वारा संचालित की जा रही थी।

करीब 250 उड़ानें हुईं लेट
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, रविवार दोपहर के बाद मियामी एयरपोर्ट पर करीब 250 उड़ानें विलंबित हुईं। हादसे के कारण एयरपोर्ट के परिचालन पर कई घंटे तक असर पड़ा।
एनटीएसबी करेगी हादसे की जांच
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने हादसे की जांच के लिए अपनी टीम मियामी भेजने की बात कही है। टीम का नेतृत्व एनटीएसबी की अध्यक्ष जेनिफर होमेंडी करेंगी। जांच में दुर्घटना के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।
अमेजन की प्रवक्ता केली नेंटेल ने कहा कि कंपनी जांच में पूरा सहयोग करेगी। अमेजन ने हादसे में पांच लोगों की मौत पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों, उनके करीबियों और हादसे से प्रभावित सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।






